कैथल जिले के चीका में बीडीपीओ कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

राकेश कथूरिया, कैथल। बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास की नीति पर चलकर पंक्ति में खड़े अंतिम पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के अंतर्गत मेलों का आयोजन किया जा रहा है।

बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी रविवार को बीडीपीओ कार्यालय के हॉल में आयोजित मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले के दौरान उपस्थितजनों को संबोधित कर रही थीं।

पात्र परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य

ज्योति सैनी ने कहा कि गुहला क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों को 19 विभागों द्वारा परिवारों के सदस्यों की काउंसलिंग कर योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इस मेले का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

हरियाणा सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से ऐसे मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ विभिन्न विभाग एक ही छत के नीचे अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। यहाँ स्वरोजगार, कौशल विकास, बैंक ऋण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराए गए हैं।

प्रशासन का योजनाओं पर त्वरित कार्य

एसडीएम मनीष कुमार यादव ने मुख्य अतिथि ज्योति सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए तेज गति से कार्य किया जा रहा है। चिन्हित परिवार के सदस्यों की काउंसलिंग की गई है, जिन्हें जो कार्य पसंद है, उन्हें उस योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा।

बीडीपीओ कार्यालय में 19 विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को जानकारी दी गई है। इसके अलावा उन्होंने स्वयं भी लाभार्थियों से बातचीत की है और अन्य विभागों को निर्देश दिए कि वे अन्य विभागों के साथ तालमेल करते हुए योजना का लाभ दें। उन्होंने हिदायत दी कि किसी भी प्रकार की कोई भी लापरवाही न बरती जाए।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर नायब तहसीलदार बलराज मलिक, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमितेंद्र सिंह, डीएसडब्ल्यूओ बलबीर चौहान, एलडीएम सुमन कुमार, डॉ. अमन बंसल, अवदेश किशोर, कुलदीप पांचाल, मांगे राम जिंदल के अलावा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।