खरखौदा के राजकीय कन्या महाविद्यालय में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना-2.0 के तहत अंत्योदय मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि इस योजना से कमजोर परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
संजीव घनगस, सोनीपत। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना (एमएमएपीयूवाई) 2.0 के तहत राजकीय कन्या महाविद्यालय, खरखौदा में आयोजित अंत्योदय मेले में विधायक पवन खरखौदा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका दहिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना-2.0 के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वरोजगार, कौशल विकास, रोजगार, ऋण सुविधाओं तथा आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अंत्योदय मेलों के माध्यम से पात्र परिवारों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी, पात्रता के अनुसार मार्गदर्शन, आवेदन एवं नामांकन सहायता तथा बैंकों एवं विभागों द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। यह पहल सरकारी योजनाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र परिवार जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से अंत्योदय मेलों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
विधायक ने किया स्टॉलों का निरीक्षण
इस अवसर पर विधायक पवन खरखौदा ने जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका दहिया के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्टॉलों के निरीक्षण के दौरान एसडीएम अमित भारद्वाज भी मौजूद रहे।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा पात्र लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
मेले में हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ, हरियाणा महिला विकास निगम, हरियाणा कौशल रोजगार निगम, रोजगार विभाग, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज निगम, मत्स्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, हरियाणा पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम, पशुपालन एवं डेयरी विभाग तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लाभार्थियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, स्वरोजगार के अवसर, कौशल विकास प्रशिक्षण, ऋण सुविधाओं तथा अन्य सरकारी सेवाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
बड़ी संख्या में पहुंचे लाभार्थी
अंत्योदय मेले में बड़ी संख्या में पात्र परिवारों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों के स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पात्रता के अनुसार आवेदन एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया। मेले का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर, सशक्त एवं आर्थिक रूप से सक्षम बनाना रहा।

इस अवसर पर एसडीएम अमित भारद्वाज, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका दहिया, ब्लॉक समिति अध्यक्ष सतेंद्र दहिया, पूर्व ब्लॉक समिति अध्यक्ष राजवीर दहिया, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) सुनीता, जिला बाल कल्याण अधिकारी आरती बल्हारा तथा बीडीपीओ सुरेंद्र आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थी उपस्थित रहे।


