Tej Pratap Yadav: लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की कथित पत्नी अनुष्का यादव कल गुरुवार की शाम पहली बार मीडिया के सामने आईं, जहां उन्होंने तेज प्रताप यादव और उनसे जुड़े कंट्रोवर्सी पर खुलकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, वह उन्हें (तेज प्रताप यादव) को नोटिस नहीं करती हैं, उनके पास इतना फालतू समय नहीं है। मेरी एक बेटी है और मेरा सारा समय उसके साथ ही बितता है। अनुष्का यादव के मीडिया में आने से पहले और बयान देने के बाद तेज प्रताप यादव भी लगातार सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बिना नाम लिए उनके खिलाफ पोस्ट कर रहे हैं।

मैं हार नहीं मानूंगा- जजद अध्यक्ष

तेज प्रताप यादव ने आज शुक्रवार की सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, मैंने अपने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित किया है और उसे हासिल किए बिना चैन से नहीं बैठूंगा। रास्ते में चाहे कितनी भी चुनौतियां आएं या कितने भी लोग मुझे रोकने की कोशिश करें, मैं न कभी झुकूंगा, न रुकूंगा और न ही हार मानूंगा। जजद अध्यक्ष ने कहा कि, मेरा साहस मेरी ताकत है, मेरा संघर्ष मेरी पहचान है और मेरी मंजिल मेरा संकल्प है। लोग बातें करते रहेंगे, जबकि मैं इतिहास रचने के लिए लगातार आगे बढ़ता रहूंगा। लक्ष्य तय है, मेरा संकल्प मजबूत है और मैं जीत हासिल करके ही रहूंगा।

परिवार को बताया सबसे बड़ी ताकत

वहीं, इससे पहले कल गुरुवार की देर शाम तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने परिवार के साथ एक तस्वीर सांझा करते हुए लिखा, मेरा परिवार मेरी सबसे बड़ी ताकत है। जलने वाले जलते रहें, हम आगे बढ़ते रहेंगे! तस्वीर में तेज प्रताप यादव भाई तेजस्वी , भाभी राजश्री, मां राबड़ी देवी और अपनी बहनों के साथ नजर आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने आगे लिखा कि, मैं गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान देना अपनी शान के खिलाफ समझता हूं। कौन मेरे बारे में क्या बोलता है? कौन क्या सोचता है? इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं अपने शो में व्यस्त हूं, अपने काम में मस्त हूं और अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रहा हूं।

तेज प्रताप ने कहा कि, कुछ लोगों को मेरी तरक्की देखकर जलन होती है, तो होती रहे। क्योंकि मेरा काम जवाब देना नहीं, अपनी मेहनत और सफलता से इतिहास रचना है। जलने वाले जलते रहेंगे, बोलने वाले बोलते रहेंगे और हम अपनी मंजिल की ओर बढ़ते रहेंगे। मुझे किसी की बुराई से नहीं, भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद और अपने कर्मों पर विश्वास है।

‘कार्यक्रम के बहाने रचा जा रहा साजिश’

अनुष्का यादव के मीडिया में आने से पहले भी तेज प्रताप यादव ने एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि, पटना के रूप चंद भागवत उत्सव हाल, नियर, कांग्रेस मैदान, कदमकुंआ नाला रोड में आज नाच-गाने के कार्यक्रम के बहाने साजिशों का गठबंधन होने वाला है। हमारे सभी विरोधी यह बात अच्छी तरह समझ लें कि हम किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देंगे। मां दुर्गा का पावन नवरात्र चल रहा है-यह सत्य, धर्म और न्याय की विजय का पर्व है। इस नवरात्र में महिषासुर रूपी बुराई, छल और षड्यंत्र का अंत अवश्य होगा। सभी लोग शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। जय माता दी! फिलहाल अनुष्का यादव के मीडिया में सामने आने के बाद एक बार फिर से तेज प्रताप यादव और लालू परिवार चर्चाओं में हैं।

ये भी पढ़ें- ‘वो घर आए थे…’, पहली बार मीडिया के सामने आईं अनुष्का यादव, तेज प्रताप यादव को लेकर कही ये बात