राकेश कथुरिया ,कैथल। जिला पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने आमजन को सतर्क करते हुए कहा है कि इन दिनों जनगणना के नाम पर साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी खुद को सरकारी अधिकारी या बैंक कर्मचारी बताकर लोगों को फोन कॉल, मैसेज और सोशल मीडिया के जरिए झांसे में लेने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे ठग आधार नंबर, बैंक खाता विवरण, एटीएम कार्ड की जानकारी, ओटीपी और यूपीआई पिन जैसी गोपनीय जानकारियां मांगते हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी जनगणना प्रक्रिया में नागरिकों से इस प्रकार की निजी या बैंकिंग जानकारी नहीं ली जाती।
उन्होंने कहा कि कई बार ठग लोगों को डराते हैं कि जानकारी न देने पर उनका नाम जनगणना सूची से हटा दिया जाएगा या सरकारी सुविधाएं बंद हो जाएंगी। ऐसी भ्रामक बातों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें।
एसपी ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें और ओटीपी, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक या फर्जी ऐप से बचने की सलाह दी गई है।
उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों और कम तकनीकी जानकारी रखने वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह दी और कहा कि परिवार के सदस्य उन्हें साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या साइबर क्राइम पोर्टल अथवा नजदीकी पुलिस थाना/साइबर सेल से संपर्क करें। समय पर शिकायत करने से नुकसान को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

