Bihar News: बिहार के अररिया जिले में आज रविवार को अचानक एक मिट्टी का टीला धंसने से बड़ा हादसा हो गया। घटना फुलकाहा थाना क्षेत्र के मधुरा पश्चिम में पूर्वी कोसी नहर के पास की है, जहां हादसे के दौरान वहां खेल रहे चार बच्चे मिट्टी के टिले के नीचे दब गए। इस हादसे में दो बच्चों की जान चली गई। वहीं, अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। वहीं, नाराज ग्रामीणों ने एनएच-27 को जाम कर दिया। प्रर्दशन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्वी कोसी नहर के बांध पर अवैध तरीके से मिट्टी की कटाई की जा रही थी। इसी दौरान मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा भराभराकर नीचे गिर गाय। हादसे के समय उसके आसपास खेल रहे चार बच्चे मिट्टी के नीचे दब गए। बच्चों के दबने की खबर मिलते ही ग्रामीण वहां पहुंचे और किसी तरह बच्चों को बाहर निकाला गया।
बच्चों को बाहर निकालने के बाद ग्रामीण सभी को इलाज के लिए नरपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दो बच्चों को मरा हुआ घोषित कर दिया। मृतक बच्चों की पहचान मधुरा पश्चिम वार्ड संख्या एक निवासी रविंद्र पासवान के 8 वर्षीय पुत्र आयन्स कुमार और संजीत कुमार पासवान के 7 वर्षीय पुत्र साजन कुमार के रूप में हुई। वहीं, घायल बच्चों में छोटू कुमार पासवान के 8 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं एक अन्य घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दो बच्चों के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सभी घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फुलकाहा थाना पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई।
उधर दूसरी ओर घटना के बाद अवैध खनन और मिट्टी कटाई को लेकर आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर गए। उन्होंने एनएच-27 को जाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। परिजनों और ग्रामीणों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपना गुस्सा जाहिर किया। ग्रामीणों ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई और मृतक बच्चों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन के लोग लोगों को समझाने का प्रयास करने में जुटे हुए हैं।
ये भी पढ़ें- नालंदा में चोरों का आतंक, एक साल में दूसरी बार बंद घर में घुसे, लाखों का सामान लेकर फरार



