Bihar News: बिहार के अररिया जिले से एक बड़ी और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को फोन पर तीन तलाक देकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पूरा मामला पलासी थाना क्षेत्र के पिपरा विजवारा गांव की है। बताया जा रहा है आरोपी पति ने अपनी पत्नी को दहेज के लिए पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसे फोन पर तीन तलाक दे दिया। इस संबंध में पीड़ित पत्नी नासरीन ने पति समेत ससुराल के सात लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पति समेत 7 के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

पीड़ित नासरीन ने पलासी थाने में पति नईम उद्दीन, ससुर जाकिर हुसैन, सास कुरेशा, रहीम, असकार समेत कुल 7 लोगों को आरोपित बनाया है। दर्ज शिकायत में पीड़िता ने पूरी घटना 31 अगस्त की बताई है। पीड़िता के मुताबिक परिवार और ग्रामीण स्तर पर हुई पंचायत की वजह से उसे शिकायत दर्ज कराने में इतना समय लगा।

साल 2023 में हुई थी शादी

नासरीन ने बताया कि पति नईम उद्दीन के साथ उसकी शादी 22 फरवरी 2023 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के समय मायके वालों ने बाइक, जेवरात समेत अन्य सामान उपहार में दिए थे। पीड़िता ने मुताबिक शादी के बाद वह अपने ससुराल में रहने लगी। 6 महीने तक सब कुछ सही चल रहा था। लेकिन इसके बाद ससुराल वाले दहेज में 2 लाख की और मांग करने लगे, जिसे लेकर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ित किए जाने लगा।

मोबाइल पर फोन कर दिया तीन तलाक

नासरीन के मुताबिक इस बीच 31 अगस्त की शाम 7 बजे घर से बाहर रहते हुए मोबाइल पर फोन कर उसे तीन तलाक दे दिया। इसके बाद दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की गई और घर से बाहर निकाल दिया गया। दोनों को 9 महीने का एक बेटा भी है। इस पूरे मामले पर पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने कहा कि, पीड़िता के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- ‘एक खून माफ होता, तो ज्ञानेश कुमार को गोली मार देते’, SIR विवाद के बीच मुकेश सहनी का बड़ा बयान