Mukesh Sahani: एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 10 महीनों में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के कई फैसलों और कदमों पर कम से कम 14 बार लिखित तौर पर आपत्ति या असहमति जताई, जिसे लेकर पूरा विपक्ष चुनाव आयोग पर हमलावर है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बीजेपी के लिए काम करने का आरोप लगा रहा है। इस बीच वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ज्ञानेश कुमार को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।
तो हम ज्ञानेश कुमार को गोली मार देंगे- मुकेश सहनी
मुकेश सहनी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, अगर हमको एक खून अगर माफ हो, देश के संविधान अगर हमको इस चीज का इजाजत दे, तो ज्ञानेश कुमार को हम गोली मार देंगे। क्योंकि आज के तारीख में ये देश को खत्म करने में लगे हुए हैं। अगर हमारे ऊपर संविधान नहीं होता, तो हम स्वयं गोली मार देते।
‘हत्या करने के अलावा दूसरा रास्ता नहीं’
मुकेश सहनी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर दिए गए अपने बयान पर कहा कि, मुख्य चुनाव आयुक्त का चयन करने के लिए पहले प्रक्रिया थी कि प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और सुप्रीम कोर्ट के जज का पैनल बना था। फिर उस पैनल में आपने सिर्फ विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री को रखा। आप अपने फेवर के लोगों को मुख्य चुनाव आयुक्त बना रहे हैं।
सहनी ने कहा कि, इस देश में उनके लिए एक कानून लाया गया कि चुनाव आयोग कुछ भी करेगा, उसे सजा नहीं हो सकती। क्या वो भगवान है? उनकी हत्या करने के अलावा दूसरा क्या रास्ता है? अगर उन्हें सजा नहीं हो सकती, उनके ऊपर केस दर्ज नहीं हो सकता, यह देश क्या उनके बाबूजी का है? यह देश 150 करोड़ जनता का है। मुझे संविधान रोककर रखा है, नहीं तो अभी तक सही में गोली मार दिया रहता।
सभी चुनावों को रद्द कराने की मांग
वहीं, जब पटना एयरपोर्ट पर मुकेश सहनी से गोली मारने वाले बयान को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, मैंने बयान दिया है कि जिस तरह से देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, मैं उससे काफी आहत हूं। चुनाव आयुक्त जिस तरह से काम कर रहे हैं। अगर मुझे एक खून माफ हो तो उनको गोली मार देंगे।
उन्होंने कहा कि, हमारे पूर्वजों ने भी देश की आजादी के लिए ये रास्ता अपनाया था। चुनाव में फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है। बिहार में 10-10 हजार रुपए बांटकर सरकार बना ली। चुनाव आयोग का तीन लोगों का पैनल बनाया गया उसमें से दो बता रहे हैं हमसे पूछकर काम नहीं हो रहा। सब चुनाव को रद्द करके फिर से निष्पक्ष चुनाव होना चाहिए।
ये भी पढ़ें- ‘मुख्यमंत्री खुद अपराधी छवि का….’, जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान


