Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जमुई और समस्तीपुर की घटना का जिक्र करते हुए बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। हर रोज सैंकड़ों अपराध हो रहे हैं। कल भी पटना शहर में एक जनप्रतिनिधि को गोली मार दी गई है। तेजस्वी ने कहा कि, अपराधी छवि का व्यक्ति स्वयं मुख्यमंत्री बना हुआ है। बिहार में इतने गंभीर मामले आ रहे हैं। आपका प्रशासन और पुलिस क्या काम कर रही है। बिहार पूरे देश में शर्मसार हो रहा है।
‘अपराध करो लेकिन वीडियो मत बनाओ’
तेजस्वी ने सीएम पर निशाना साधते हुए एक्स पर लिखा, बिहार के आपराधिक प्रवृति के 7 हत्याओं के आरोपी मुख्यमंत्री अब बदमाशों से निवेदन करते हुए कहते हैं कि चुपचाप अपराध करो यार लेकिन रील और वीडियो मत बनाओ, इससे मुझे तुम्हें बचाने में फिर दिक्कत होती है। बिहार पुलिस वीडियो वायरल होने पर जनदबाव में प्रतिक्रिया स्वरूप कारवाई करने का नाटक करती है अन्यथा सबके साथ इनकी सांठगांठ है। बिहार भगवान भरोसे चल रहा है। तंत्र और यंत्र से लोकतंत्र पर डाका डाले बैठे माफ़िया जनता का धन और इज्जत दोनों लूटने में मस्त है।
समस्तीपुर में किशोरी से बदसलूकी का वीडियो वायरल
गौरतलब है कि जमुई की घटना को लेकर अभी पूरे बिहार और देश के लोगों में गुस्से का माहौल है। इस बीच समस्तीपुर से भी एक ऐसा ही शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां जिले के करपुरीग्राम थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित तौर पर बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक किशोरी के साथ छेड़खानी की और उसके विरोध करने के बावजूद उसका पीछा करते रहे। वीडियो में किशोरी खुद को बचाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में 5 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शिक्षा मंत्री बोले- बिहार में अपराधियों के लिए जगह नहीं
बिहार में इस तरह की घटनाओं पर सत्ता से जुड़े नेताओं का भी बयान सामने आया है। शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने कहा कि, जमुई में जो घटना घटी वो बिहार के लिए शर्मनाक थी और पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की और अपराधियों के साथ सख्ती से निपटा गया और ऐसी घटनाएं जहां भी होगी कानून सख्ती से निपटेगी। ये बिहार के सुशासन की सबसे बड़ा संकल्प है। इसीलिए अपराधी सचेत हो जाए। अपराधियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं।
सांसद शांभवी चौधरी ने की घटनाओं की निंदा
वहीं, समस्तीपुर से सांसद शांभवी चौधरी ने समस्तीपुर और मधेपुरा में उत्पीड़न की घटनाओं पर कहा कि, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि इस प्रकार की वीडियो हमें सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही हैं। इसमें कुछ लड़के एक बालिका को छेड़ रहे हैं। इसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है। हम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और समस्तीपुर पुलिस का धन्यवाद देना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें- मंत्री अशोक चौधरी बोले-अपराध केवल बिहार में ही नहीं, बल्कि अमेरिका-जापान में भी होती हैं घटनाएं


