कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता लंदन में भारतीय समुदाय के बीच पहुंचकर नेतृत्व, विकास और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगी। उनके लंदन दौरे को प्रवासी भारतीयों से जुड़ाव बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
लंदन में Overseas Friends of BJP UK की ओर से “An Evening of Leadership & Inspiration” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में डॉ. अर्चना गुप्ता भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत करेंगी और भारत के विकास तथा भविष्य की दिशा से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करेंगी।
कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा की नीतियों और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को विदेशों में रह रहे भारतीयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रवासी भारतीयों की भारत के विकास में भूमिका और उनकी भागीदारी पर भी संवाद होने की उम्मीद है।
डॉ. अर्चना गुप्ता का यह कार्यक्रम हरियाणा भाजपा के लिए भी खास माना जा रहा है। प्रदेश की राजनीति से निकलकर लंदन में भारतीय समुदाय के बीच संवाद करना पार्टी के व्यापक संपर्क अभियान को दर्शाता है।
कार्यक्रम का संदेश ‘एक सशक्त भारत, एक विकसित भारत’ के संकल्प के इर्द-गिर्द रहेगा। भाजपा की कोशिश है कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों को भी देश के विकास की यात्रा से जोड़ते हुए उनके साथ संवाद का सिलसिला मजबूत किया जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



