प्रवीण भारद्वाज,पानीपत। जिले में बीजेपी की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने एक प्रेस वार्ता बुलाई। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में हुए छात्रों के प्रदर्शन और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अपनी बात रखी।
अर्चना गुप्ता ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान पार्टी के एक सच्चे और निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री रहते हुए बहुत जिम्मेदारी से अपना काम निभाया है। उनके कार्यकाल में देश के शिक्षा ढांचे में बड़ा बदलाव आया है। आज देश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। पहले मेडिकल कॉलेज में सिर्फ 50000 सीटें हुआ करती थीं, जो अब बढ़कर 134000 हो चुकी हैं। हर कॉलेज, यूनिवर्सिटी, एम्स और आईआईटी में काफी सुधार देखने को मिला है।

इस्तीफे पर कही यह बात
इस्तीफे के सवाल पर अर्चना गुप्ता ने कहा कि जब धर्मेंद्र प्रधान को लगा कि छात्र परेशान हैं, तो उन्होंने खुद आगे बढ़कर इस्तीफा दे दिया। उन्होंने छात्रों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया। इसी वजह से आज सभी के दिलों में उनके लिए सम्मान और ज्यादा बढ़ गया है।
लाठीचार्ज पर जताया दुख
दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के सवाल पर उन्होंने इसे दुखद बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा उठाया गया यह कदम दुर्भाग्यपूर्ण था। हालांकि इसके साथ ही उन लोगों की पहचान करना भी बहुत जरूरी है जिन्होंने पत्थरबाजी की थी। प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकारों और पुलिसकर्मियों के साथ भी बदसलूकी और मारपीट हुई थी, जो कि पूरी तरह से गलत है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


