कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। बारिश के खुशनुमा मौसम में आप परिवार के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। ग्वालियर में दिल्ली-आगरा घूमने जाने से पहले ऑनलाइन होटल बुकिंग करना सेना अधिकारी की पत्नी को महंगा पड़ गया। गूगल पर मिली एक फर्जी होटल वेबसाइट के जरिए साइबर ठग ने खुद को होटल मैनेजर बताकर करीब 50 हजार रुपये ऐंठ लिए। पैसे मिलते ही आरोपी ने नंबर ब्लॉक कर दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, मामला ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित एसबी कॉलोनी का है। पीड़िता जूही पाण्डेय ने पुलिस को बताया कि उन्होंने परिवार के साथ दिल्ली और आगरा घूमने का प्लान बनाया था। ठहरने के लिए गूगल पर होटल सर्च किया, जहां “कोर्टयार्ड बाय मेरियट” होटल के नाम से एक वेबसाइट दिखाई दी। वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले ने खुद को होटल मैनेजर हरीश अग्रवाल बताया और पांच दिन की बुकिंग के लिए 50 हजार 90 रुपये मांगे।
ये भी पढ़ें: स्कूल से झूठ बोलकर निकली और हो गई गायब: एयरफोर्स अधिकारी की 12 साल की बेटी लापता, CCTV से मिला सुराग
ऐसे हुआ ठगी का एहसास
आरोपी ने बुकिंग कन्फर्म करने के नाम पर अलग-अलग यूपीआई आईडी पर एडवांस जमा कराने को कहा। भरोसा कर जूही पाण्डेय ने तीन किस्तों में करीब 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जैसे ही उन्होंने बुकिंग की रसीद मांगी, आरोपी ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद होटल के आधिकारिक नंबर पर संपर्क किया तो पता चला कि न तो कोई बुकिंग हुई है और न ही संबंधित वेबसाइट होटल की है। तब उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ।
ये भी पढ़ें: खुद को कुंवारा बताकर लूटी अस्मत, युवती के प्रेग्नेंट होते ही बदला 2 बच्चों का बाप; शादी से किया इनकार
पुलिस ने लोगों से की ये अपील
पीड़िता की शिकायत पर मुरार थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बैंक खाते, यूपीआई आईडी और मोबाइल नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की है कि होटल बुकिंग हमेशा होटल की आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय ट्रैवल प्लेटफॉर्म से ही करें और भुगतान करने से पहले वेबसाइट की सत्यता जरूर जांच लें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

