कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एयरफोर्स अधिकारी की 12 साल की बेटी के स्कूल से अचानक गायब होने से हड़कंप मच गया। मासूम छात्रा ने टीचर से झूठ बोलकर स्कूल से बाहर कदम रखा और फिर लापता हो गई। स्कूल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी कर सीसीटीवी कैमरों की मदद से तलाश शुरू की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची को हाईवे से सकुशल बरामद कर लिया गया। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आखिर बच्ची स्कूल से अकेले क्यों निकली।

घटना ग्वालियर शहरी क्षेत्र के एक स्कूल की है। जहां से एयरफोर्स अधिकारी की 12 वर्षीय बेटी स्कूल की छुट्टी के बाद अपनी निर्धारित बस में बैठने के बजाय दूसरी बस में सवार हो गई। उसने टीचर से कहा कि उसके माता-पिता सूर्य मंदिर गए हैं और वह भी वही जा रही है। जब टीचर को शक हुआ और उन्होंने परिजनों का नंबर मांगा, तो छात्रा ने गलत मोबाइल नंबर लिखवा दिया। कॉल करने पर सच्चाई सामने आई और स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल परिसर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। जांच के दौरान छात्रा का बैग जड़ेरुआ बांध के पास मिला, जिसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया। अलग-अलग टीमों ने शहर और हाईवे पर तलाश शुरू की और लगातार ट्रेसिंग के बाद करीब चार घंटे में महाराजपुरा के जहांगीरपुर हाईवे से छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस के पहुंचते ही छात्रा घबरा गई और रोने लगी। पूछताछ के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में किसी आपराधिक वारदात की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस यह जानने में जुटी है कि बच्ची ने स्कूल से इस तरह जाने का फैसला क्यों लिया और इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कोई और वजह तो नहीं थी। समय रहते स्कूल प्रबंधन की सतर्कता और पुलिस की तेज कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। हालांकि यह मामला बच्चों की सुरक्षा और स्कूल से निकलने की निगरानी पर भी कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m