कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे सुरक्षा बल के अधिकारियों को भी अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला टेकनपुर स्थित बीएसएफ (BSF) कैंप से सामने आया है, जहां कार्यरत सीमा सुरक्षा बल के एक इंस्पेक्टर साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। शातिर ठगों ने इंस्पेक्टर का मोबाइल फोन हैक कर उनके बैंक खातों से लाखों रुपये पार कर दिए।

मोबाइल एक्सेस कंट्रोल कर दिया वारदात को अंजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले 34 वर्षीय अविनाश कुमार वर्तमान में एसटीसी बीएसएफ टेकनपुर (STC BSF Tekanpur) में इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। अविनाश के पास आईसीआईसीआई बैंक (ICICI), एसबीआई (SBI) और यस बैंक (Yes Bank) के क्रेडिट कार्ड थे। गत 17 जून की रात को अज्ञात साइबर ठगों ने उनके मोबाइल का ऑनलाइन एक्सेस (रिमोट कंट्रोल) हासिल कर लिया। मोबाइल पूरी तरह अपने नियंत्रण में लेने के बाद, ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड्स और बैंक खातों से एक के बाद एक कई ऑनलाइन ट्रांजैक्शन किए। ठगों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 10 हजार रुपये उड़ा लिए।

जल-जंगल-जमीन संरक्षण के लिए कांग्रेस ने गठित की विशेष समितिः उमंग सिंघार और विक्रांत भूरिया शामिल

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

मोबाइल पर आए ट्रांजैक्शन के मैसेज देखकर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत मामले की शिकायत बिलौआ थाना पुलिस से की। बिलौआ थाना पुलिस ने बीएसएफ इंस्पेक्टर की शिकायत पर अज्ञात सायबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस और साइबर सेल की टीम ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m