दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। हालांकि, बधाई देने से पहले केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अपनी हार को लेकर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए तीखी टिप्पणी की। केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के चलते उन्हें चुनाव में नुकसान हुआ। केजरीवाल ने इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए गंभीर मामला बताते हुए अपनी हार के लिए जिम्मेदार ठहराया। अरविंद केजरीवाल एक रिपोर्ट को लेकर नाराज नजर आए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने से पहले नई दिल्ली विधानसभा सीट पर मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे का जिक्र किया और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए।

दरअसल, एक न्यूज रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नई दिल्ली विधानसभा सीट पर 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले जोड़े गए नए मतदाताओं में करीब 40 फीसदी के नाम SIR के दौरान हट गए। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इस सीट पर अरविंद केजरीवाल मामूली अंतर से चुनाव हार गए थे। इसी रिपोर्ट को आधार बनाकर अरविंद केजरीवाल ने मतदाता सूची में कथित छेड़छाड़ का आरोप लगाया और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने प्रधानमंत्री को टैग करते हुए ‘हैप्पी बर्थडे’ भी लिखा। केजरीवाल ने रिपोर्ट की हेडलाइन साझा करते हुए लिखा कि “तो इस तरह मोदी जी ने दिल्ली जीता, वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करते हुए।” इसके साथ ही उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को लेकर भी तीखी टिप्पणी की और अंत में प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

पहले कैसे बर्थडे विश करते थे अरविंद केजरीवाल?

आम आदमी पार्टी (AAP) के गठन के बाद से अरविंद केजरीवाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच राजनीतिक मतभेद सार्वजनिक रहे हैं। हालांकि, जन्मदिन जैसे मौकों पर दोनों नेताओं की ओर से एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने का सिलसिला भी देखने को मिला है। केजरीवाल आमतौर पर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते रहे हैं। पिछले साल भी उन्होंने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना की थी। इस बार केजरीवाल के संदेश का अंदाज अलग रहा। उन्होंने प्रधानमंत्री को टैग करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के साथ ही नई दिल्ली विधानसभा सीट की मतदाता सूची को लेकर एक न्यूज रिपोर्ट के आधार पर आरोप भी लगाए।

नई दिल्ली सीट पर 4 हजार से अधिक वोटों से हारे थे केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने जिस नई दिल्ली विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर दिल्ली की राजनीति में अपनी मजबूत शुरुआत की थी, 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्हें इसी सीट पर हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली की सत्ता भी चली गई और केजरीवाल अपनी सीट भी नहीं बचा सके। भाजपा उम्मीदवार प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने केजरीवाल को 4,089 वोटों के अंतर से हराया था। चुनाव के दौरान और नतीजे आने के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से मतदाता सूची में कथित तौर पर गलत तरीके से नाम जोड़ने और हटाने के आरोप लगाए गए थे। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों का खंडन किया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m