पटना। बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी का एक गंभीर मामला सामने आया है। मंत्री के अधिकारी द्वारा पटना साइबर थाने में एक नया आवेदन दिया गया है, जिसमें उनके आधिकारिक एक्स (X) हैंडल और जीमेल (Gmail) अकाउंट के एक्सेस के बदले फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस मामले में पहले से ही एफआईआर दर्ज है।
पूर्व निजी सहायक पर नियंत्रण का आरोप
आवेदन के अनुसार, मंत्री के पूर्व निजी सहायक के पास एक्स और जीमेल का नियंत्रण है। कार्यालय से अलग होने के बाद भी वह इसका एक्सेस वापस नहीं दे रहा है, बल्कि इसके बदले पैसों की मांग कर रहा है और अनधिकृत हस्तक्षेप का प्रयास कर रहा है।
जान से मारने की धमकी भरा वाइस नोट
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी द्वारा मंत्री के करीबी को एक वाइस नोट भेजा गया है। इसमें उन्हें गोली मारने और किसी भी हद तक जाने की गंभीर धमकी दी गई है। इससे पहले चार जुलाई को भी इसी मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस की कार्रवाई जारी
साइबर थाना पुलिस के अनुसार, इस मामले में पूर्व से ही एफआईआर दर्ज है। यह नया आवेदन उसी प्रकरण से संबंधित है, और पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है।


