कुंदन कुमार, पटना। पटना में कल प्रदर्शन के दौरान छात्र और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प और लाठीचार्ज के लिए मंत्री अशोक चौधरी ने विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। पटना में आज विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान अशोक चौधरी ने जमकर विपक्ष पर निशान साधा और कहा कि, पटना के सड़क पर कल जो हुआ, उसमें छात्रों के भेष में विपक्षी पार्टियों के गुंडे थे, जिन्होंने विधायकों तक के गाड़ियों को निशाना बनाया है।
रिपोर्ट आने के बाद सभी पर होगी कार्रवाई- अशोक चौधरी
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि, गोरिल्ला वार ये (विपक्ष) लोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि सन चौहत्तर का आंदोलन होगा। उन्हें पता होना चाहिए ऐसा उस समय नहीं था। पत्रकारों को नहीं मारा जाता था। विधायक की गाड़ी नहीं तोड़ी जाती थी। चौधरी ने कहा कि, सब जांच हो रहा है। किसने किया है? कौन-कौन लोग उकसा रहे हैं? कौन सी एजेंसी ये लोग चलाकर ऐसा कर रहे हैं? ऐसे लोगों पर कार्रवाई होगी? जांच रिपोर्ट आने के बाद सबकुछ साफ हो जाएगा।
सन् 74 वाला होगा बदलाव- भाई वीरेंद्र
विधानसभा परिसर में ही आज मीडिया से बातचीत के दौरान राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध किया और सन् 74 के आंदोलन का हवाला देते हुए कहा कि छात्रों ने ही आंदोलन शुरू किया था। बाद में जेपी नायारण ने उस आंदोलन का नेतृत्व किया था और देश में परिवर्तन हुआ था। इस बार परिर्वतन की लहर पूरे देश में चल चुकी है। एनडीए की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए देश के छात्र और जनता अब पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं।
500 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
आपको बता दें कि पटना में कल बुधवार को हुए भारी हंगामे के बाद पटना पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हुए तोड़फोड़ और हिंसक झड़प को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। कल बुधावर की देर रात गांधी मैदान, सचिवालय और कोतवाली थाना की पुलिस ने 500 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामले में 40 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया और उनसे देर रात तक पूछताछ की गई है।
पुलिस ने देर रात तक की छापेमारी
पटना एससएसपी कार्तिकेय शर्मा भी छात्र प्रदर्शन को लेकर बेहद सख्त नजर आए। उन्होंने बताया कि, सीसीटीवी, वीडियो ग्राफी और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि धरना प्रदर्शन खत्म होने के बाद पुलिस की कई टिमों ने कदमकुआं, बोरिंग रोड और गांधी मैदान समेत कई अन्य इलाकों में छापेमारी भी की है। इस दौरान ही पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कई लोगों को उठाया है।
ये भी पढ़ें- बाइक की चाबी को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई की हत्या, बड़े भाई ने गले में मारा चाकू


