कुंदन कुमार, पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। राज्य सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कांग्रेस की शीर्ष नेत्री सोनिया गांधी पर तीखा निशाना साधते हुए नीतीश कुमार के खिलाफ दिए गए बयानों को आपत्तिजनक करार दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि नीतीश कुमार को किसी के प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है और उनके द्वारा किए गए विकास कार्य अविस्मरणीय हैं।
विकास पुरुष के रूप में स्थापित है पहचान
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने काम के दम पर अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है, इसीलिए बिहार की जनता उन्हें ‘विकास पुरुष’ के रूप में जानती और मानती है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कभी खुद कुछ नहीं कहते, बल्कि उनका काम ही उनकी पहचान बोलता है। सोनिया गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे बयान देने वालों को शर्म आनी चाहिए।
कांग्रेस के इतिहास पर उठाए गंभीर सवाल
कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए अशोक चौधरी ने दावा किया कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस पार्टी जिस भी दल के साथ गठबंधन करती है, उसका अंततः सर्वनाश तय माना जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज बिहार में कांग्रेस पार्टी खुद पूरी तरह से खत्म होने के कगार पर खड़ी है, और इसके बावजूद उनके नेता हमारे शीर्ष नेतृत्व पर बयानबाजी करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
इस राजनीतिक बयानबाजी के बाद बिहार के सियासी गलियारों में हलचल काफी तेज हो गई है, और दोनों दलों के बीच जुबानी जंग के और तीखे होने के आसार जताए जा रहे हैं।

