कुंदन कुमार, पटना। सावन के तीसरा सोमवार पर यानी की आज बिहार के लखीसराय जिले में स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मचने से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सभी मृतक महिलाएं बताई जा रही हैं। वहीं, एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हृदयविदारक घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताते हुए अपनी संवेदना जाहिर की है। इसके साथ ही सीएम ने हादसे में जान गंवाने वाले के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।
सीएम सम्राट ने किया मुआवजे का ऐलान
सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा। दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।
तेजस्वी यादव ने भी हादसे पर जताया दुख
लखीसराय के अशोक धाम में हुए भगदड़ पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी दुख प्रकट किया है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से दुख जाहिर करते हुए लिखा, सावन के तीसरे सोमवार पर बिहार के लखीसराय जिले के अशोक धाम (इंद्र दमनेश्वर महादेव मंदिर) में जलाभिषेक के दौरान बिजली का तार गिरने से फैले करंट, मची अफरा तफरी और भगदड़ से हुए दुखद हादसे में अनेक श्रद्धालुओं के घायल होने व 7 की असामयिक मृत्यु के समाचार से मर्माहत हूं।
तेजस्वी ने कहा कि, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उचित सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन नहीं होना एनडीए सरकार की प्रशासनिक कुव्यवस्था का परिचायक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं तथा मृतकों को श्रद्धांजलि। उन्होंने सरकार से मृतकों के परिजनों को मुआवजा राशि एवं घायलों के त्वरित इलाज की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
बिजली का खंभा गिरने के बाद मची भगदड़
सावन का तीसरा सोमवार और नाग पंचमी होने की वजह से आज अशोक धाम मंदिर पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी। ओर जाने वाले रास्ते पर सोमवार शाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी। बड़ी संख्या में लोग मंदिर में जल चढ़ाने और पूजा-अर्चना के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान बिजली का एक खंभा गिर गया। खंभा गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी क्रम में लोग एक दूसरे के ऊपर गिरने लगे, जिसकी चपेट में आने और दबकर 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई लोग घायल हो गए। बिजली के गिरे खंभे में करंट प्रवाहित होने की बात के बाद भगदड़ की स्थिति बनी। हालांकि इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें- तीसरी सोमवारी पर पटना में बड़ा हादसा: गंगा स्नान के दौरान 7 बच्चियां डूबीं, 2 की मौत, 2 लापता


