फतेहाबाद। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भट्टूकलां थाना की महिला डेस्क पर तैनात ASI तलविंद्र और एक महिला कस्तूरी देवी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों को ACB टीम ने कथित तौर पर ₹35 हजार की घूस लेते हुए रंगे हाथ काबू किया।

जानकारी के अनुसार, एक शिकायत से जुड़े मामले में समझौता करवाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने ACB को दी शिकायत में बताया था कि मामले के निपटारे के लिए ₹2 लाख की मांग की गई थी। बाद में कथित तौर पर ₹35 हजार में सौदा तय हुआ।

शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजना बनाकर कार्रवाई की। टीम ने जाल बिछाया और आरोपियों को ₹35 हजार की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

ACB अधिकारियों ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस महकमे और आम लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।