Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबले शुरू हो चुके हैं। फिलहाल ग्रुप स्टेज के मैच खेले जा रहे हैं। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत सीधे क्वार्टर फाइनल से करेगी। टीम इंडिया का सामना अब अफगानिस्तान से होगा।
भारतीय टीम को क्वार्टर फाइनल में ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से खेलना था। ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के बाद अब यह तय हो गया है कि भारत की भिड़ंत अफगानिस्तान से होगी। दोनों टीमों के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में सुबह 10 बजे (भारतीय समयानुसार) खेला जाएगा।
अफगानिस्तान ने जीता एक मुकाबला, एक में मिली हार
अफगानिस्तान ने ग्रुप-ए में दो मुकाबले खेले। इनमें टीम को एक मैच में जीत मिली, जबकि एक मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा। नेपाल के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान को 5 विकेट से हार मिली थी। अब ग्रुप स्टेज के बाद अफगानिस्तान के सामने सीधे क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम की चुनौती होगी।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में गोल्ड पर नजर

एशियन गेम्स में हिस्सा लेने पहुंची भारतीय टीम जापान पहले ही पहुंच गई थी। टीम ने वहां की परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने के लिए समय लिया। इस दौरान भारत ने मेजबान जापान के खिलाफ एक टी20 मुकाबला भी खेला।
बारिश के कारण यह मैच 5-5 ओवर का ही हो सका था। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में जीत दर्ज की थी। अब टीम इंडिया 28 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में उतरकर एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

भारतीय टीम ने पिछली बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। इस बार भी टीम की नजरें अपने प्रदर्शन को दोहराते हुए स्वर्ण पदक जीतने पर होंगी।
नेपाल का क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका से मुकाबला
ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली नेपाल की टीम ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। नेपाल का सामना 29 सितंबर को श्रीलंका से होगा।
वहीं क्वार्टर फाइनल की दो अन्य टीमों का फैसला ग्रुप-बी के मुकाबलों के बाद होगा। ग्रुप-बी में शीर्ष पर रहने वाली टीम क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश से भिड़ेगी, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम का सामना पाकिस्तान से होगा।
अब भारतीय टीम की नजरें 28 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले पर हैं। इस मैच में जीत के साथ टीम सेमीफाइनल की ओर कदम बढ़ाना चाहेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


