पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर आधिकारिक दौरे पर तेहरान पहुंचे हैं, जहां उनके प्रस्ताव पर ईरान, तुर्किये, पाकिस्तान और सऊदी अरब के वरिष्ठ अधिकारी बैठक करेंगे. अमेरिका और ईरान के बीच फिर से युद्ध की आशंका बढ़ी हुई है. दोबारा युद्ध न शुरू हो, इसके लिए सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान के शीर्ष अधिकारी तेहरान में ईरानी नेतृत्व से बातचीत करने वाले हैं.
बातचीत में फिलिस्तीन, लेबनान, क्षेत्रीय हालात और आपसी भरोसे के साथ पाकिस्तान-ईरान रिश्तों तथा साझा हितों से जुड़े मुद्दे शामिल रहेंगे.
पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर, सऊदी अरब के रक्षा मंत्री और तुर्की खुफिया विभाग के प्रमुख आज तेहरान जा रहे हैं. ये दौरा तब हो रहा है जब सऊदी पर हूती विद्रोही लगातार हमले कर रहे हैं. आधिकारिक दौरे का मकसद पाकिस्तान और ईरान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना बताया गया है.
ये दौरा उस वक्त हो रहा है जब आशंका है कि अमेरिका और इजरायल फिर से ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू करने वाले हैं और सऊदी अरब पर लगातार हूती विद्रोहियों के हमले हो रहे हैं. सोमवार को चारों देशों के बीच सीक्रेट मीटिंग होने वाली है. इस मीटिंग में पश्चिम एशिया से जुड़े तनाव को कम करने के उपायों पर चर्चा होगी.
माना जा रहा है कि अगर अमेरिका और इजरायल फिर से हमला शुरू करता है तो तेहरान चुप नहीं रहेगा और मिडिल ईस्ट के देशों में अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई करेगा.
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान में आज तुर्की, पाकिस्तान और सऊदी अरब के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि चारों देशों के बीच बैठक का प्रस्ताव असीम मुनीर ने दिया था, जिसे ईरान ने स्वीकार कर लिया.
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि उनका देश क्षेत्र के हालात पर नजर रख रहा है. हर तरह की परिस्थिति के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि ईरान अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रक्षा के अधिकार का इस्तेमाल करेगा.
इस बैठक को इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि मक्का पैक्ट के तीनों सदस्य देशों के प्रतिनिधि पहली बार ईरान के साथ इस स्तर पर एक साथ बातचीत कर रहे हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

