Hyderabad News: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक महिला के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी होमगार्ड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मामला हफीजपेट रेलवे स्टेशन का है, जहां ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड पर महिला के बाल पकड़कर उसे घसीटने और मारपीट करने का आरोप है।

वायरल वीडियो से सामने आया मामला

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे। वीडियो में होमगार्ड महिला के बाल पकड़कर उसे खींचता और मारता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों को भी महिला को छोड़ने की अपील करते सुना गया।

शुरुआत में आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का जवान बताया जा रहा था। हालांकि, सिकंदराबाद सेंट्रल रेलवे ने स्पष्ट किया कि आरोपी RPF का कॉन्स्टेबल नहीं, बल्कि तेलंगाना पुलिस का होमगार्ड है, जिसे हफीजपेट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के लिए तैनात किया गया था।

महिला से विवाद के बाद मारपीट का आरोप

मियापुर पुलिस के मुताबिक, महिला कबाड़ बीनने का काम करती है। पुलिस का कहना है कि महिला ने कथित तौर पर होमगार्ड को अपशब्द कहे, जिसके बाद उसने महिला के साथ मारपीट की। हालांकि, घटना के वीडियो में होमगार्ड का महिला के साथ किया गया व्यवहार सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

होमगार्ड बर्खास्त, गिरफ्तार कर कोर्ट में किया पेश

वीडियो सामने आने के बाद आरोपी होमगार्ड को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, उसे गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।

साइबराबाद पुलिस ने कहा कि पुलिसिंग में अनुशासन, पेशेवर व्यवहार, गरिमा और हर नागरिक के सम्मान को प्राथमिकता दी जाती है और इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाता है।

KTR ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

BRS नेता केटी रामाराव (KTR) ने भी घटना पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई अलग नजर आती है, जबकि गरीब महिला के साथ सार्वजनिक रूप से इस तरह का व्यवहार किया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m