जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा पोस्ट ऑफिस में लाखों रुपए के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। अकलतरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पोस्ट ऑफिस में पदस्थ आरोपी सहायक डाकपाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खाताधारकों के खातों से फर्जी तरीके से रकम निकालकर 19 लाख 21 हजार रुपए के गबन और धोखाधड़ी का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष) निवासी बलौदा थाना क्षेत्र, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। अकलतरा डाकघर में गबन की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संयुक्त जांच टीम गठित की थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने चार अलग-अलग खाताधारकों के खातों से फर्जी तरीके से रकम निकालकर कुल 19.21 लाख रुपए का गबन किया। पीड़ित खाताधारकों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।


शेयर मार्केट में डूबे लाखों रुपए
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह वर्ष 2021 से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर रहा था। लगातार नुकसान होने के बाद उसने अलग-अलग बैंकों से करीब 12 लाख रुपए का लोन लिया। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस विभाग से भी लगभग 12 लाख रुपए का कर्ज लिया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने शेयर मार्केट में करीब 40 लाख रुपए गंवा दिए थे। इसके साथ ही उसे जुए की भी लत थी। बढ़ते कर्ज के दबाव में उसने पोस्ट ऑफिस के ग्राहकों के फर्जी खाते खोलकर रकम निकालनी शुरू कर दी।
मोबाइल और डिमैट अकाउंट स्टेटमेंट जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, शेयर ट्रेडिंग एप ‘ग्रो’ और ‘एंजल वन’ के डिमैट अकाउंट स्टेटमेंट जब्त किए हैं। बैंक से मिले दस्तावेजों में आरोपी पर 20 लाख रुपए से अधिक के लोन की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी गबन की रकम को लोन की किश्तें भरने, शेयर मार्केट में निवेश करने और जुआ खेलने में खर्च करता था। दस्तावेजों की जांच में इन तथ्यों की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

