अजय सैनी, भिवानी। उम्र सिर्फ एक संख्या है, यह बात भिवानी के 71 वर्षीय पूर्व नौसैनिक अजीत सांगवान ने एक बार फिर साबित कर दिखाई है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में आयोजित एसबीकेएफ खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर भिवानी सहित पूरे हरियाणा का गौरव बढ़ाया है।
धर्मशाला में 5 से 7 जून तक आयोजित प्रतियोगिता में भिवानी के सेक्टर-23 निवासी एवं मूल रूप से गांव कलियाणा के रहने वाले अजीत सांगवान ने जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि शॉटपुट स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि के बाद सेक्टर-23 और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
देश सेवा के बाद खेल मैदान में भी चमके
पूर्व नौसैनिक अजीत सांगवान भारतीय जल सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने खेलों के प्रति अपना जुनून बरकरार रखा और लगातार प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहे। उनकी मेहनत और फिटनेस का परिणाम है कि 71 वर्ष की उम्र में भी वे युवा खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा हैं अजीत सांगवान : महेंद्र सिंह श्योराण
सेक्टर-23 वेलफेयर एसोसिएशन के पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह श्योराण ने अजीत सांगवान की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने साबित कर दिया है कि यदि मन में जज्बा और कुछ कर गुजरने की इच्छा हो तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती। उन्होंने कहा कि अजीत सांगवान पहले देश की रक्षा कर चुके हैं और अब खेलों में पदक जीतकर समाज और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
श्योराण ने कहा कि उनकी फिटनेस, अनुशासन और समर्पण युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उनका जीवन संदेश देता है कि कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के बल पर किसी भी उम्र में सफलता हासिल की जा सकती है।
पहले भी जीत चुके हैं कई पदक
यह पहली बार नहीं है जब अजीत सांगवान ने खेलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हो। इससे पहले भी वे कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अनेक पदक जीत चुके हैं। खेलों के प्रति उनका समर्पण और जुझारूपन आज भी बरकरार है।
अजीत सांगवान की इस उपलब्धि पर हरपाल सांगवान, डॉ. जगवेंद्र सांगवान, ओमप्रकाश सांगवान, दिलबाग सांगवान, अनिल ठेकेदार और डॉ. जोगेंद्र सांगवान सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

