विनोद सैनी, हिसार। मजदूरों और किसानों के लिए एक बहुत अच्छी और बड़ी राहत देने वाली खबर सामने आई है। हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को हिसार की नई सब्जी मंडी में अटल किसान श्रमिक कैंटीन का उद्घाटन किया है। इस कैंटीन की सबसे खास बात यह है कि यहां मंडी में काम करने वाले मजदूरों, श्रमिकों और अपनी फसल बेचने आने वाले किसानों को मात्र 10 रुपये में पौष्टिक और साफ-सुथरा भोजन मिलेगा।

यह कैंटीन हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड और ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से शुरू की गई है। इसका मकसद उन लोगों को सस्ता भोजन देना है जो दिन-रात मंडियों में कड़ी मेहनत करते हैं।
मेहनतकश वर्ग को मिलेगा सम्मान और महिलाओं को रोजगार
कैंटीन की शुरुआत करते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के सबसे कमजोर और गरीब वर्ग की मदद करना है। मंडियों में सुबह से शाम तक काम करने वाले हमारे किसान भाइयों और मजदूरों को अब खाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और न ही ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे।
इस कैंटीन को चलाने की जिम्मेदारी महिला स्वयं सहायता समूह को दी गई है। स्वयं सहायता समूह असल में गांवों या मोहल्लों की महिलाओं का एक ऐसा छोटा संगठन होता है, जो आपस में मिलकर छोटे-मोटे रोजगार शुरू करता है। इस कैंटीन के जरिए संकल्प महिला क्लस्टर की महिलाओं को सीधे तौर पर रोजगार मिलेगा, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
मंत्री ने खुद बैठकर चखा भोजन का स्वाद
कैंटीन के उद्घाटन के मौके पर बीजेपी जिला अध्यक्ष आशा खेदड़ और मार्केट कमेटी के चेयरमैन रविन्द्र रॉकी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कैंटीन संभालने वाली महिलाओं से बातचीत की और काम करने के तरीके को समझा। इसके बाद उन्होंने खुद वहां बैठकर भोजन किया और खाने की क्वालिटी की तारीफ की। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के सचिव भरत शर्मा सहित मंडी के कई बड़े व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने सरकार के इस कदम की सराहना की है।

