गयाजी। माफिया अतीक अहमद के बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड में शामिल और लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात शूटर अरमान आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। सोमवार शाम को उसे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रयागराज की विशेष एससी-एसटी कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट में पेशी के बाद मंगलवार सुबह उसे वापस गयाजी सेंट्रल जेल लाया गया है।

​गयाजी जेल में छिपकर काट रहा था सजा

​बिहार के गयाजी के कठोतर तालाब मोहल्ले का रहने वाला अरमान 2023 के उमेश पाल हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा था। यूपी पुलिस से बचने के लिए उसने एक शातिर तरीका अपनाया और साल 2022 के एक पुराने मामले में चुपचाप सरेंडर कर जेल चला गया। वह पिछले करीब साढ़े तीन साल से गयाजी सेंट्रल जेल में बंद था और इस बात की भनक यूपी पुलिस को बिल्कुल नहीं थी। इसी साल सितंबर में जब पुलिस को उसके गयाजी जेल में होने की पुख्ता जानकारी मिली, तब प्रयागराज पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट और ट्रांजिट रिमांड पर लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

​कड़े सुरक्षा पहरे में हुई पेशी

​सोमवार शाम करीब 4:15 बजे यूपी पुलिस कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच अरमान को लेकर प्रयागराज पहुंची। कोर्ट परिसर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे, जिसमें करीब 40 पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में उसे कोर्ट लाया गया। इस दौरान पीएसी, महिला पुलिसकर्मी, तीन एसीपी और बिहार पुलिस के कमांडो समेत 100 से अधिक जवान तैनात रहे। मीडिया के सवालों से बचने के लिए अरमान ने अपना चेहरा सफेद गमछे से पूरी तरह ढंक रखा था और वह बिना कोई जवाब दिए चुपचाप अदालत के अंदर चला गया।

​रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी

​विशेष न्यायाधीश मयंक कुमार की अदालत में चली कार्यवाही के दौरान सरकारी वकील मनोज पांडेय ने अरमान को मामले से जुड़े सभी कानूनी दस्तावेज सौंपे। अदालत ने जब उससे पूछा कि क्या उसे वकील की आवश्यकता है, तो उसने अपनी सहमति दी, जिसके बाद उसे मुफ्त कानूनी सहायता के लिए आवेदन पत्र भरवाया गया।
​अब प्रयागराज पुलिस जल्द ही उसे पुलिस रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगी। पुलिस रिमांड के दौरान अरमान से मुख्य तौर पर यह पूछताछ की जाएगी कि हत्याकांड के बाद वह किन-किन जगहों पर छिपा था तथा अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन समेत अन्य फरार चल रहे आरोपियों के ठिकाने और उनकी गतिविधियों के बारे में उसे क्या-क्या जानकारियां हैं।