Automobile Desk: भारतीय टू-व्हीलर बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। ईवी खरीदते समय ज्यादातर ग्राहकों के मन में सबसे बड़ा डर बैटरी की उम्र, उसके रखरखाव और महंगे रिप्लेसमेंट कॉस्ट को लेकर होता है। इसी चिंता को ध्यान में रखते हुए एथर एनर्जी ने अपने फैमिली स्कूटर ‘एथर रिज़्टा’ (Ather Rizta) को बाज़ार में उतारा है, जो दमदार रेंज के साथ-साथ एक बेहद खास बैटरी वारंटी प्लान के साथ आता है।
दमदार परफॉर्मेंस और रफ्तार
एथर रिज़्टा में कंपनी ने परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर (PMSM) दी है। यह मोटर 4.3 kW की अधिकतम पावर और 22 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। पिकअप के मामले में यह स्कूटर काफी तेज़ है और महज 4.7 सेकंड में 0 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेता है। शहर के ट्रैफिक और डेली कम्यूट के हिसाब से इसकी 80 किमी प्रति घंटे की टॉप-स्पीड काफी व्यावहारिक साबित होती है।
बैटरी विकल्प और ड्राइविंग रेंज
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से दो बैटरी पैक ऑप्शन मिलते हैं— 2.9 kWh और 3.7 kWh।
2.9 kWh बैटरी: यह एक बार फुल चार्ज होने पर 123 किलोमीटर (IDC) की रेंज देती है।
3.7 kWh बैटरी: यह बड़ा बैटरी पैक सिंगल चार्ज में 159 किलोमीटर (IDC) तक का सफर तय कर सकता है।
सुरक्षा के लिहाज से इसकी मोटर और बैटरी दोनों को IP67 रेटिंग मिली हुई है, जिससे बारिश या धूल-मिट्टी के दौरान भी बैटरी खराब होने का खतरा नहीं रहता। स्कूटर का कुल वजन (Curb Weight) 125 किलोग्राम है। इसमें 780mm की सीट हाइट और 150mm का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है। प्रैक्टिकल इस्तेमाल के लिए इसमें 34 लीटर का बड़ा अंडरसीट स्टोरेज मिलता है, जो रोजमर्रा का सामान रखने के लिए काफी है।

ब्रेकिंग और सस्पेंशन सेटअप
सवारी को आरामदायक बनाने के लिए रिज़्टा के फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क्स और रियर में मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। वहीं ब्रेकिंग की बात करें तो आगे 200mm का डिस्क ब्रेक और पीछे कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) के साथ ड्रम ब्रेक का कॉम्बिनेशन मिलता है। इसमें 12-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जिसमें आगे 90/90-12 और पीछे 100/80-12 प्रोफाइल के ट्यूबलेस टायर्स लगे हैं।
बैटरी वारंटी और एक्सटेंडेड कवरेज
बैटरी की लंबी उम्र और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कंपनी ने तीन तरह के वारंटी ऑप्शंस दिए हैं:
स्टैंडर्ड वारंटी: इसमें 5 साल या 60,000 किलोमीटर तक की कवरेज मिलती है, जिसमें बैटरी हेल्थ 70% से अधिक रहने का आश्वासन दिया जाता है।
Eight70 प्लान: यह एक ऐड-ऑन प्लान है, जिसके तहत वारंटी की सीमा बढ़कर 8 साल या 80,000 किलोमीटर हो जाती है।
10 साल का प्रीमियम प्लान: एथरस्टैक प्रो (AtherStack Pro) इकोसिस्टम के जरिए ग्राहक अपनी बैटरी सुरक्षा को 10 साल या 1 लाख किलोमीटर तक बढ़ा सकते हैं। इस दौरान कम से कम 70% बैटरी हेल्थ की गारंटी मिलती है।
कीमत और वेरिएंट्स
एथर रिज़्टा के बेस मॉडल ‘Rizta S’ की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1,21,999 रुपये से शुरू होती है। वहीं इसके टॉप मॉडल ‘Rizta Z’ की शुरुआती कीमत 1,36,999 रुपये रखी गई है। अलग-अलग बैटरी क्षमता, एक्सेसरीज और एक्स्ट्रा फीचर्स के आधार पर इसके टॉप कॉन्फ़िगरेशन की कीमत 1,59,378 रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।

