चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगीबेटे ने अपनी ही मां को लात-घूसों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मामला लसूडिया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 114 का है, जहां 60 वर्षीय गीताबाई पचोर नामक महिला की अपनी ही संतान के हाथों जान चली गई।

पुलिस के अनुसार, मृतका के बेटे आकाश की पत्नी ममता बुधवार को पारिवारिक विवाद के चलते घर छोड़कर चली गई थी। इस बात से आकाश काफी नाराज था। नाराजगी और नशे की हालत में आकाश ने घर में अपनी मां गीताबाई के साथ जमकर मारपीट की। लात-घूसों की मार से बुजुर्ग महिला घायल हो गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। एसीपी पराग सैनी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच और पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि आकाश ने अपनी मां को बुरी तरह मारा था। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आकाश को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आकाश ने माना कि पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से वह आक्रोश में था और इसी गुस्से में उसने मां के साथ मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आकाश को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आगे की जांच जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि मां के प्रति इतना क्रूर व्यवहार कलयुग की मिसाल है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m