एसआर रघुवंशी, गुना। मध्यप्रदेश में बदमाशों के हौसले बुलंद है। गुंडा बदमाशों के खिलाफ शासन का बुलडोजर चलने के बाद भी आपराधिक घटनाओं में कमी नहीं आ पा रही है। ताजा मामला गुना जिले का जहां बदमाशों ने पुलिसकर्मी पर हमला कर चोटिल कर दिया। हमले में पुलिसकर्मी को चोटें आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया
दरअसल गुना में आधी रात कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। यातायात थाने के सामने हंगामा कर रहे युवकों ने पुलिसकर्मी पर ही हमला कर दिया। प्रधान आरक्षक पंकज भट्ट समझाने पहुंचे तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और पुलिसकर्मी को चोटें आईं है।
घटना के दौरान आरोपी नशे में थे
घटना के दौरान आरोपी नशे में धुत बताए जा रहे हैं। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तीनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार तीनों युवक सगे भाई और म्याना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

