Police Team Attacked: बिहार में एक तरफ जहां, आपराधिक मामले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं। वहीं, पुलिस टीम पर भी हमला करने के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला नवादा से सामने आया है, जहां पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा विवाद महिला सिपाही का वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल पूरा मामला बलुआही भीखमपुरा गांव का है, जहां बीते शनिवार को ग्रामीणों ने किसी मामले में एक युवक को पकड़ा था और इसकी जानकारी डायल 112 की टीम को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची 112 डायल टीम घटना की जानकारी लेने लगी। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोग महिला सिपाही का वीडियो बनाने लगे और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। पुलिसकर्मियों ने जब इसका विरोध किया तो मामला बिगड़ गया और वीडियो बना रहे लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी तुरंत थानाध्यक्ष को दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस की अन्य टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव करना शुर कर दिया। ईंट-पत्थर से हुए हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना के कुछ देर बाद बड़ी संख्या में पुलिस की टीम फिर से गांव में पहुंची, जिसने भीड़ को खदड़ते हुए उसे तितर-वितर किया।
इस दौरान पुलिस ने पथराव करने के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। इनमें 3 महिला और 8 पुरुष शामिल हैं। इन लोगों के खिलाफ पुलिसकर्मियों पर हमला करने, सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस को मामले में कुछ और आरोपियों की भी तलाश है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है। नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि घटना में डायल 112 के चालक सहित महिला पुलिसकर्मी को पत्थरबाजी के कारण चोटें आई हैं। उनका इलाज कराया गया है।
ये भी पढ़ें- पहले फांसी लगाने की कोशिश, फिर जान देने आहर पहुंची महिला, बचाने के क्रम में मामा-भांजी की मौत

