Bihar News: बिहार के गयाजी जिले में आत्महत्या करने पर अमादा एक महिला को बचाने के प्रयास में मामा-भांजी की मौत हो गई। घटना डोभी थाना क्षेत्र के मिसरीटांड गांव की है। मृतकों की पहचान गौतम कुमार (25) और उसकी भांजी रचना कुमारी (14) के रूप में हुई। हैरान करने वाली बात यह है कि जो महिला (गौतम की पत्नी) खुदकुशी करने का प्रयास कर रही थी। वह बच गई। हालांकि उसे बचाने के चक्कर में दो लोगों की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कल रविवार को मृतक गौतम की उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद नाराज पत्नी ने घर में फांसी लगाने और खुदकुशी करने का प्रयास किया। हालांकि उस दौरान गौतम ने उसे ऐसा करने से रोकर दिया, जिसके बाद वह घर से बाहर निकल गई और मिसरीटांड आहर (पोखर) की ओर चली गई। महिला आहर में कूदकर अपना जान देना चाहती थी। इसके बाद गौतम भी उसके पीछे-पीछे आहर के पास पहुंच गया, जहां एक बार फिर से दोनों में कहासुनी शुरू हो गई।

गौतम अपनी पत्नी को ऐसा करने से रोकने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान भांजी रचना भी आहर के पास पहुंचे और विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। इस दौरान बचाव के क्रम में गौतम और उसकी पत्नी के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। वहीं, बीच-बचाव कर रही रचना को धक्का लगने व पैर फिसलने से वह आहर में गिर गई और डूबने लगी। भांजी को डूबता देख गौतम उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। मामा-भांजी की एक साथ मौत होने से पूरे गांव और परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दोनों शवों को आहर से बार निकाला। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गौतम के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों ने रचना के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।

घटना को लेकर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि, पूरा मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस गौतम की पत्नी से पूछताछ कर जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ किया जा रहा है। हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। दूसरी ओर एक साथ मामा-भांजी की मौत होने से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार में मौसम का डबल अटैक! दिन में तेज धूप, सुबह-शाम ठंड, जानें ताजा अपडेट