चंडीगढ़: कनाडा में पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट (PGWP) नहीं मिलने से नाराज भारतीय छात्र भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। वे उन करीब 1,000 विदेशी छात्रों में शामिल हैं, जिन्हें कनाडा के इमिग्रेशन, रिफ्यूजी एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) ने PGWP जारी करने से इनकार कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, भारतीय छात्रों ने कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के कैलगरी शहर में स्थित पोर्टेज कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। अब ये छात्र उसी कॉलेज के बाहर भूख हड़ताल कर रहे हैं और उनकी मुख्य मांग है कि पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट दिया जाए।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने कनाडा में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए भारी-भरकम फीस खर्च की और सभी निर्धारित शर्तों का पालन किया। ऐसे में PGWP से इनकार करना उनके भविष्य और करियर पर सीधा असर डाल रहा है।
वहीं, कनाडा सरकार के इस फैसले से प्रभावित विदेशी छात्रों में बड़ी संख्या भारतीयों की बताई जा रही है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की है कि उनके मामलों की दोबारा समीक्षा कर उन्हें पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट जारी किया जाए। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और कनाडाई प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


