यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. जगाधरी वर्कशॉप के पास रेलवे पटरी पर एक युवती ट्रेन की चपेट में आ गई. हादसे में युवती के सिर पर गंभीर चोट लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस को मृतका के पास से ऐसा कोई सामान नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके.
साथी निकल गया आगे और पीछे रह गई युवती
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय युवती के साथ एक और व्यक्ति मौजूद था. वह व्यक्ति समय रहते रेलवे पटरी पार कर गया लेकिन युवती पीछे रह गई. इसी दौरान वहां से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में वह आ गई. घटना के बाद से वह साथी मौके से गायब है. पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है ताकि हादसे की असली वजह का पता चल सके.
देर रात की घटना
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना रात लगभग 11 बजे की है. यमुना नहर के पास पटरी पर युवती का शव भूरे रंग के सूट में पड़ा मिला. युवती के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. पुलिस ने बताया कि युवती की बाजू पर एक नाम लिखा हुआ है. इसके अलावा उसके अंगूठे पर मछली पकड़ने के कांटे का निशान बना हुआ है.
72 घंटे के लिए अस्पताल में रखा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल के शवगृह में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है. आसपास के सभी थाना क्षेत्रों में युवती की जानकारी भेजकर उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


