सिद्धार्थ शरद, वैशाली। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पातेपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक और मन के समीप रविवार की देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक दूध व्यवसायी पर लूट के इरादे से हमला कर दिया। बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने व्यवसायी के साथ लूटपाट का प्रयास किया और विरोध करने पर पिस्टल की बट से सिर पर मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घात लगाए बदमाशों ने किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित दूध व्यवसायी की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई है। वह रविवार की रात करीब 10:30 बजे रमौली गांव में दूध पहुंचाकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान लक्ष्मी चौक और मन के बीच पूर्व से घात लगाए अपाचे सवार दो बदमाशों ने उसे घेर लिया। अपराधियों ने व्यवसायी से पैसे और कीमती सामान छीनने की कोशिश की, जब उनके हाथ कुछ नहीं लगा, तो घबराए व्यवसायी ने उनसे छोड़ने की गुहार लगाई और उनके पैर पकड़ लिए।

लूट में नाकाम होने पर फोड़ा सिर

इस पर आक्रोशित होकर अपराधियों ने पिस्टल के बट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। होश आने पर घायल दूध व्यवसायी ने तुरंत आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए पातेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें- जदयू को बड़ा झटका: पूर्व विधायक अशोक सिंह राजद में शामिल, बोले- मैं घर वापस आया हूं…