Bihar News: जदयू को बड़ा झटका लगा है। दरअसल रफीगंज से पार्टी के पूर्व विधायक अशोक सिंह ने राजद का दामन थाम लिया है। दरअसल औरंगाबाद के गांधी मैदान में कल रविवार को राजद की ओर से एक मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी में अशोक सिंह राजद में शामिल हुए। पूर्व विधायक ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ राजद की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान राजद के कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।
यह मेरी घर वापसी है- अशोक सिंह
राजद में शामिल होने के बाद अशोक सिंह ने कहा कि, यह उनके लिए घर वापसी जैसा है। उन्होंने बिना नाम लिए अपने ही समाज के कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके राजद में आने से कई लोगों को जलन हो रही है। पूर्व विधायक ने कहा कि, उनके पिता निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद राजद के साथ रहे थे। मैं अपने घर वापस आया हूं और यह मेरी अंतिम पार्टी होगी।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना
इस मौके पर तेजस्वी यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए बिहार सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने महिलाओं और बेटियों के साथ गलत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही थी।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद बिहार में बेटियों के साथ अपराध हो रहे हैं। उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए और चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में चोरी की गई और चुनाव आयोग ने अमित शाह के इशारे पर काम किया।
अब यह जदयू नीतीश कुमार की नहीं- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय जिनसे मिलने के लिए बड़े-बड़े नेता लाइन में खड़े रहते थे, आज वही खुद लाइन में लगकर मिलने का इंतजार कर रहे हैं। अब ये नीतीश कुमार की जदयू नहीं है। वहीं, सम्राट चौधरी के ‘हरा गमछा’ वाले बयान पर भी तेजस्वी यादव ने पलटवार किया। कार्यक्रम के दौरान राजद नेताओं और प्रवक्ताओं ने लोगों से आगामी चुनाव में पार्टी को बहुमत दिलाने और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।
एमएलसी चुनाव को लेकर कही ये बात
बिहार MLC चुनाव में कांग्रेस और राजद द्वारा अलग-अलग उम्मीदवारों की घोषणा करने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि, हम लोग शुरू से अलग-अलग लड़ते रहे हैं, लेकिन हमारी विचारधारा, हमारी प्रतिबद्धता महागठबंधन की है। हम लोग सांप्रदायिक शक्तियों को, जिस प्रकार से संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद करने का काम किया जा रहा है, देश में नफरत की राजनीति हो रही है,विकास ठप्प है और दीया जलाया जा रहा है, इसके खिलाफ हैं।
ये भी पढ़ें– सारण: राहत सामग्री बांटने पहुंचे SHO ने तानी पिस्टल, VIDEO वायरल होते ही SSP ने किया सस्पेंड

