पंकज श्रीवास्तव, छपरा। बिहार के सारण जिले के मकेर प्रखंड में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के दौरान एक पुलिस अधिकारी द्वारा कथित तौर पर ग्रामीणों के ऊपर पिस्टल तानने का वीडियो सामने आया है। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसएसपी ने थानाध्यक्ष को किया निलंबित
मामले को गंभीरता से लेते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक एसएसपी रोशन कुमार ने मकेर थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। निलंबन अवधि में संग्राम कुमार सिंह का मुख्यालय सारण जिला पुलिस लाइन होगा।
राहत सामग्री वितरण के दौरान तानी पिस्टल
रिपोर्ट के अनुसार यह घटना मकेर थाना क्षेत्र में हुई, जहां पर बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री बांटे जाने के दौरान जब वहां काफी स्थिति खराब हो गई। राहत सामग्री पाने को लेकर बाढ़ पीड़ितों के बीच हो हल्ला और हंगामा देख मौके पर मौजूद मकेर थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह राहत सामग्री बांटे जाने वाले वाहन पर चढ़ गए।
पहले उन्होंने चप्पल उठाकर भीड़ कि तरफ इशारा किया, इसके बाद जब भीड़ और चिल्लाने लगी तो उन्होंने अपनी पिस्टल निकालते हुए उसे भीड़ की तरफ तान दी।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
मकेर थानाध्यक्ष द्वारा पिस्टल निकालने और बाढ़ पीड़ितों पर तानने के बाद वहां का मौहाल और बिगड़ गया। वहां मौजूद बाढ़ पीड़ित चिल्लाने लगे गोली मारो…गोली मारो। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में इस घटना को कैद कर लिया और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैलने लगा।
वायरल वीडियो को संज्ञान में लेने के बाद वरीय अधिकारियों ने जब इसकी जांच शुरू की तो, वीडियो सही पाया गया, जिसके बाद एसएसपी रोशन कुमार ने कार्रवाई करते हुए मकेर थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
ये भी पढ़ें- बेगूसराय में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, पीड़िता ने दूर के रिश्तेदार पर लगाया गंभीर आरोप

