अजय कुमार शास्त्री, बेगूसराय। जिले से एक शर्मनाक खबर सामने आई है, जहां मंसूरचक थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने दूर के रिश्तेदार श्यामलाल महतो पर शादी का झांसा देकर महीनों तक शारीरिक शोषण करने, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मंसूरचक थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया
पीड़िता के अनुसार, बीते 26 जून की शाम श्यामलाल महतो उसके घर आया था। आरोप है कि उसने युवती को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाई, जिसके बाद वह बेहोशी की हालत में चली गई। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बना लिया। होश में आने के बाद जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी
शादी का झांसा देकर करता रहा शोषण
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान वह कथित अश्लील वीडियो को हथियार बनाकर युवती को डराता-धमकाता रहा। पीड़िता के मुताबिक, जब उसने इस संबंध में अपने परिजनों को जानकारी दी तो परिवार के लोगों के साथ आरोपी के घर जाकर शादी की बात उठाई गई।
जान से मारने और केस मैनेज करने की धमकी
आरोप है कि शादी की बात सामने आते ही आरोपी के पिता, मां और भाई ने श्यामलाल महतो को घर से भगा दिया। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी के परिवार की ओर से धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, उसे जान से मारने की धमकी देने के साथ-साथ मामले को पैसे के बल पर थाना स्तर से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मैनेज कर लेने की बात कही गई।
पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल
सामने आई दुष्कर्म की इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने युवती के शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता को न्याय मिलने और आरोपों की सच्चाई सामने आने के लिए पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजर है।
ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार में थमा बारिश का दौर, आज निकलेगी धूप, कल से फिर बरसेंगे बादल

