Bihar Today Weather: बिहार में अब मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है और लगातार हो रही बारिश पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। राजधानी पटना समेत ज्यादातर जिलों में दिनभर आसमान साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी चंपारण, सुपौल, अररिया और किशनगंज में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। बारिश नहीं होने और वातावरण में नमी बने रहने से दिन में लोगों को उमस परेशान कर सकती है।

6 से 9 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, 6 अक्टूबर से बिहार के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। कोसी और सीमांचल के साथ उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। 6 अक्टूबर को गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है।

वहीं, 6 से 9 अक्टूबर के बीच पटना समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। हालांकि, यह बारिश व्यापक नहीं होगी और ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क ही रहने के आसार हैं। इस दौरान भारी बारिश की संभावना नहीं है।

तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं

अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। मानसून की विदाई के साथ बारिश का दौर कम होने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी महसूस हो सकती है। वहीं, नमी की वजह से उमस बनी रह सकती है। आने वाले दिनों में बिहार में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत उमसभरी रहने के आसार हैं।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, MLC चुनाव के लिए नामांकन करेंगे ये प्रत्याशी