औरैया. उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 75 साल के रामसुगर और 30 साल की कंटेंट क्रिएटर रीना की सगाई का मामला अब नया मोड़ ले चुका है. दोनों की सगाई और हल्दी की रस्मों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. इस खबर ने खूब चर्चा बटोरी थी. अब रामसुगर का एक वीडियो सामने आया है. इसमें वह सगाई को स्क्रिप्टेड बता रहे हैं. उनका दावा है कि यह सब सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किया गया था. हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में मौसम साफ, 7 दिन में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; इस जिले की हवा सबसे खराब
सगाई और हल्दी के वीडियो हुए थे वायरल
रामसुगर और रीना की सगाई की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी थीं. दोनों की शादी की तैयारियों की चर्चा भी होने लगी थी. हल्दी की रस्मों के वीडियो भी सामने आए थे।. उस समय रामसुगर और उनकी बेटी राधा ने सगाई होने की बात कही थी. अब रामसुगर के कथित नए बयान से पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं.
रामसुगर बोले- सोशल मीडिया के लिए बनाया वीडियो
वायरल वीडियो में रामसुगर कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि सगाई की रस्में असली नहीं थीं. उन्होंने दावा किया कि यह सब उनकी बेटी के कहने पर किया गया था. इसका मकसद सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करना और फॉलोअर्स बढ़ाना था. हालांकि, इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती
रामसुगर के मुताबिक, उनकी बेटी राधा की पहचान रानी राजपूत से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. दोनों के बीच दोस्ती हुई और वे साथ में वीडियो बनाने लगीं. रामसुगर का दावा है कि बेटी राधा और रीना के कहने पर सगाई की रस्मों वाला वीडियो बनाया गया था. इस मामले में रीना की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है.
इसे भी पढ़ें- कानपुर होमगार्ड भर्ती घोटाला: मेडिकल में 50 हजार मांगने वाले दो डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार, जानें मामला
फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए स्टंट की चर्चा
सगाई की खबर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर लोग इस मामले को लेकर सवाल उठा रहे थे. कई यूजर्स ने आशंका जताई थी कि कहीं यह सब लाइक्स, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने का तरीका तो नहीं है. अब रामसुगर के कथित बयान ने इन चर्चाओं को फिर तेज कर दिया है. हालांकि, पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए रीना और अन्य संबंधित लोगों का पक्ष सामने आना जरूरी है.

