औरंगाबाद। दीपावली और छठ महापर्व को लेकर औरंगाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। त्योहारों के दौरान शहर में उमड़ने वाली भारी भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने एक व्यापक यातायात और सुरक्षा योजना लागू की है। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के मार्गदर्शन में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और यातायात पुलिस उपाधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी किया है, जिसके तहत प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर विशेष प्रतिबंध रहेंगे।

​रमेश चौक से गांधी मैदान तक पांच दिनों तक रहेगा प्रतिबंध

​शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले मार्ग रमेश चौक से गांधी मैदान के बीच वाहनों की आवाजाही पर पर्व के दौरान खास पाबंदियां रहेंगी। जारी आदेश के अनुसार, इस मार्ग पर 6 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 12:30 बजे तक, 8 नवंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक, 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक, 15 नवंबर को सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से सुबह 9 बजे तक सभी प्रकार के निजी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। हालांकि, आपातकालीन और प्रशासनिक वाहनों को इस पाबंदी से छूट दी गई है।

​इन अन्य प्रमुख मार्गों पर भी रहेगी रोक

​रमेश चौक के अलावा शहर के कई अन्य संवेदनशील और मुख्य रास्तों पर भी समय-समय पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। धर्मशाला रोड स्थित नरेंद्र सिनेमा हॉल से ओवरब्रिज जीटी रोड तक, गांधी मैदान मोड़ से सूर्य मंदिर तक, नरेंद्र सिनेमा हॉल से सूर्य मंदिर, रामलखन सिंह यादव कॉलेज के समीप से सूर्य मंदिर तथा शाहपुर ठाकुरबाड़ी से सूर्य मंदिर तक के रास्तों पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

​आवागमन के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्ग

​श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है। ओल्ड जीटी रोड स्थित रमेश चौक से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहनों को प्रतिबंधित अवधि में नेशनल हाईवे और बाइपास रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा, ओल्ड जीटी रोड से नवाडीह जाने वाले वाहन गेट स्कूल क्लब रोड और मदरसा मोड़ के रास्ते निकाले जाएंगे। वहीं, फेसर की तरफ से आने वाले वाहन नवाडीह रोड स्थित मदरसा मोड़ और क्लब रोड से होते हुए गेट स्कूल के पास ओल्ड जीटी रोड पर प्रवेश पा सकेंगे।

​13 प्रमुख जगहों पर तैनात रहेंगे पुलिस बल

​याचयात व्यवस्था को सुचारू रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के 13 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को दो पालियों में बांटा गया है; पहली पाली सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक और दूसरी पाली रात 8 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक संचालित होगी। दोनों पालियों में कुल 64-64 लाठी बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और लगातार निगरानी रखने का सख्त निर्देश दिया है, साथ ही आम जनता से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।