औरंगाबाद। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग निरंतर सक्रिय है। इसी कड़ी में औरंगाबाद जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। उत्पाद विभाग की टीम ने झारखंड सीमा से बिहार में प्रवेश कर रही एक बोलेरो गाड़ी को जब्त कर भारी मात्रा में कच्ची स्प्रिट बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर एरका चेकपोस्ट पर घेराबंदी
यह सफल ऑपरेशन उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार के विशेष दिशा-निर्देशों पर चलाया गया। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के छतरपुर इलाके से एक बोलेरो में भारी मात्रा में स्प्रिट लादकर बिहार की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसआई किशन कुमार और एएसआई सूर्यदेव कुमार के नेतृत्व में एनएच-139 पर स्थित एरका चेकपोस्ट पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। दक्षिण दिशा से आने वाले हर संदिग्ध वाहन की बारीकी से जांच की जाने लगी।
बोलेरो में गैलनों के भीतर छिपा था स्प्रिट
तलाशी के दौरान जब एक संदिग्ध बोलेरो को रोककर जांच की गई, तो अधिकारी दंग रह गए। गाड़ी के भीतर विशेष रूप से छिपाकर रखे गए 6 प्लास्टिक के गैलन बरामद हुए। जब इनकी जांच की गई तो इनमें कुल 240 लीटर स्प्रिट भरा पाया गया। पुलिस ने तुरंत स्प्रिट को जब्त कर लिया और वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान झारखंड के छतरपुर निवासी प्रेम कुमार चौधरी और रोहतास जिले के दरिहट निवासी शंकर राम के रूप में हुई है।
रोहतास में होनी थी अवैध शराब की मैन्युफैक्चरिंग
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस स्प्रिट को झारखंड से लेकर रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन जा रहे थे। इस स्प्रिट का इस्तेमाल वहां अवैध शराब बनाने में किया जाना था। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि शराब माफिया पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों से थोक में स्प्रिट लाकर झारखंड सीमा पर स्टोर करते हैं और फिर छोटी गाड़ियों के जरिए इसे बिहार के अलग-अलग जिलों में खपाते हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और विभाग इस पूरे सिंडिकेट को तोड़ने में जुटा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

