औरंगाबाद। जिले के जम्होर थाना क्षेत्र में रफ्तार का जानलेवा कहर देखने को मिला है। NH-139 पर शंकरपुर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के पास एक अनियंत्रित बाइक ने सड़क किनारे टहल रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
खाना खाकर टहलने निकले थे रामविलास
मृतक की पहचान मोर डिहरी गांव निवासी रामविलास पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार की रात रामविलास खाना खाने के बाद अपनी दिनचर्या के अनुसार घर के पास ही टहलने निकले थे। इसी दौरान रेलवे ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
स्थानीय लोगों की सूचना पर बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही लोजपा (R) के जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह उर्फ सोनू अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा दिया जाए और ओवरब्रिज के पास वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर जैसे ठोस उपाय किए जाएं।
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
हादसे के बाद नगर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। कानूनी प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब फरार बाइक सवार की पहचान और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


