ईंधन की बढ़ती कीमतों और किराया संशोधन समेत नौ मांगों को लेकर ऑटो-टैक्सी चालक संगठनों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। दिल्ली-NCR के लोगों को सितंबर के पहले सप्ताह में आवाजाही की बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
एक लाख ऑटो-टैक्सी के सड़कों से हटने का दावा
ऑटो-टैक्सी चालक संगठनों ने 7 से 9 सितंबर के बीच हड़ताल की चेतावनी दी है। कांग्रेस समर्थित संगठनों के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े भारतीय मजदूर संघ (BMS) समर्थित संगठन भी आंदोलन में शामिल हैं। संगठनों का दावा है कि करीब एक लाख ऑटो और काली-पीली टैक्सियां हड़ताल में शामिल हो सकती हैं। ऐसे में दिल्ली-NCR की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर इसका व्यापक असर पड़ने की आशंका है।
आल दिल्ली ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट कांग्रेस यूनियन और ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट कांग्रेस प्रकोष्ठ ने 7 और 8 सितंबर को हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियन अध्यक्ष किशन वर्मा के अनुसार, इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, परिवहन आयुक्त और पुलिस आयुक्त को औपचारिक सूचना दी जाएगी।
BMS समर्थित संगठन 9 सितंबर से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल
वहीं, BMS समर्थित ऑटो रिक्शा संघ और दिल्ली प्रदेश टैक्सी यूनियन ने 9 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। संगठन के महामंत्री राजेंद्र सोनी ने कहा कि ईंधन की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर किराया संशोधन और चालक कल्याण बोर्ड समेत कई मुद्दों पर सरकार से बातचीत की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप है कि करीब डेढ़ वर्ष से बैठक के लिए समय नहीं मिला है।
CNG की कीमत बढ़ने से बढ़ा आर्थिक बोझ
चालक संगठनों के मुताबिक, दिल्ली में CNG की कीमत बढ़कर 87 रुपये प्रति किलो हो गई है और पिछले तीन महीनों में इसमें करीब 10 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है। इसके अलावा वाहन रखरखाव, बीमा, स्पेयर पार्ट्स और किस्तों का खर्च भी बढ़ा है। संगठनों का कहना है कि 2023 के बाद से ऑटो-टैक्सी किराये में संशोधन नहीं हुआ है, इसलिए तत्काल किराया बढ़ाया जाना चाहिए।
कल्याण बोर्ड और बाइक टैक्सी पर भी मांग
चालकों ने चालक कल्याण बोर्ड के गठन, निजी बाइकों के इस्तेमाल पर रोक और परमिट, RC, फिटनेस, लाइसेंस व चालान की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं राहत की मांग की है। संगठनों का कहना है कि सरकार ने चालक कल्याण बोर्ड बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक इसका गठन नहीं हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


