धनेश, रेवाड़ी। रेवाड़ी के अंतर्गत राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीकानेर में जल संरक्षण को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य मनोज कुमार ने की। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना और उन्हें जल संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।
भूगोल प्रवक्ता एवं कार्यक्रम प्रभारी सोमबीर यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्षा जल संचयन और भूजल स्तर में लगातार गिरावट आज गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते जल संरक्षण के प्रयास नहीं किए गए तो भविष्य में जल संकट की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में पानी के सदुपयोग का संकल्प लेने और जल बचाने की आदत अपनाने की अपील की।
प्रार्थना सभा के दौरान छात्रा ईशा ने सभी विद्यार्थियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। इस दौरान पानी की बर्बादी रोकने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया गया।
अध्यापक मुकेश कुमार ने कहा कि “जल ही जीवन है” और इसकी हर बूंद अमूल्य है। उन्होंने सभी से जल संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और राष्ट्रहित में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में शिक्षाविद दयाराम आर्य, वरिष्ठ प्रवक्ता विजय सिंह, प्रवक्ता पवन कुमार, सत्ते सिंह, नरेंद्र सिंह सहित कई शिक्षक और सीएमसी सदस्य मौजूद रहे।

