Axar Patel Record: भारत के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में अपने नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कर ली। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का विकेट लेते ही अक्षर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 विकेट पूरे करने वाले भारत के पहले स्पिन गेंदबाज बन गए। इसके साथ ही वह इस प्रारूप में 100 विकेट लेने वाले भारत के चौथे गेंदबाज भी बन गए हैं।
भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर बने अक्षर
अक्षर पटेल अब टी20 इंटरनेशनल में भारत के सबसे सफल स्पिन गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 96 विकेट दर्ज हैं। अक्षर के खाते में अब 100 विकेट हो गए हैं, जो किसी भी भारतीय स्पिनर द्वारा इस फॉर्मेट में सर्वाधिक हैं।
टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
अर्शदीप सिंह – 133 विकेट
जसप्रीत बुमराह – 121 विकेट
हार्दिक पांड्या – 114 विकेट
अक्षर पटेल – 100 विकेट
युजवेंद्र चहल – 96 विकेट
हार्दिक पांड्या के बाद इस खास क्लब में शामिल हुए अक्षर
अक्षर पटेल ने एक और खास उपलब्धि अपने नाम की। वह भारत के केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 500 से अधिक रन बनाने के साथ-साथ 100 या उससे अधिक विकेट भी लिए हैं।
अक्षर अब तक भारत के लिए 61 पारियों में 736 रन बना चुके हैं और उनके नाम 100 विकेट दर्ज हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि केवल हार्दिक पांड्या ने हासिल की थी। हार्दिक ने 109 पारियों में 2288 रन बनाए हैं और 114 विकेट अपने नाम किए हैं।
दूसरे टी20 में ऐसा रहा अक्षर पटेल का प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में अक्षर पटेल ने गेंद से किफायती प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 20 रन खर्च करते हुए 1 विकेट हासिल किया और उनकी इकॉनमी 5.00 रही। बल्लेबाजी में वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके और 3 गेंदों पर 2 रन बनाकर रन आउट हो गए।
हालांकि, मैच का नतीजा भारत के पक्ष में नहीं रहा, लेकिन हैरी ब्रूक का विकेट लेकर अक्षर पटेल ने अपने करियर में एक ऐसा मुकाम हासिल किया, जो आज तक कोई भी भारतीय स्पिनर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हासिल नहीं कर सका था।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

