मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गुरुवार को पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री के आवास पहुंचे. वहां उन्होंने आयोजित शांति पाठ कार्यक्रम में शामिल होकर डॉ. खत्री की दिवंगत पत्नी बीना खत्री को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. अजय राय ने शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी डॉ. निर्मल खत्री के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने भी फोन पर डॉ. निर्मल खत्री से बात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है.
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत मीडिया से मुखातिब होते हुए अजय राय ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और स्थानीय प्रशासनिक मामलों को लेकर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला.
इसे भी पढ़ें : भाजपा की वादाखिलाफी और तानाशाही… शास्त्रीनगर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर उठाए सवाल, जानिए ऐसा क्या कहा?
अयोध्या के कन्दैला में हुए दोहरे हत्याकांड पर गहरा दुख जताते हुए अजय राय ने कहा कि पूरे प्रदेश में हत्या और अत्याचार का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है. उन्होंने कन्दैला के अलावा जौनपुर, बदायूं और लखनऊ की हालिया आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की.
राम मंदिर ट्रस्ट और ‘चढ़ावे’ का मुद्दा
राम मंदिर के सीओ चयन विवाद पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने ट्रस्ट में पहले हुए चढ़ावे से जुड़े प्रकरण का मुद्दा उठाया. अजय राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चढ़ावे में हेरफेर के मामले में केवल ड्राइवरों, कर्मचारियों और पैसा गिनने वालों पर गाज गिराई गई, जबकि मुख्य पदाधिकारियों को बचा लिया गया. सरकार के “दूध का दूध, पानी का पानी” करने के दावों को उन्होंने पूरी तरह खोखला करार दिया. आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के सुख-दुख में उनके साथ लगातार जमीन पर खड़ी है. इस दौरान उन्होंने गोरखपुर की एक घटना का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर ‘श्मशान घोटाले’ तक का संगीन आरोप जड़ा.



