मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा बिहार की राजधानी पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी पारा चढ़ गया है. अयोध्या सदर से भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने खरगे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कड़ी निंदा की है. विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे जैसे वरिष्ठ नेता से इतनी हल्की और ओछी बात की कतई उम्मीद नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा, “खरगे जी बड़े सीनियर नेता हैं, पार्टी के भी और राजनीति के भी. हम सोच भी नहीं सकते कि इतना वरिष्ठ नेता इतनी हल्की बात करेगा.”

विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध करना ठीक है, विचारधारा की लड़ाई लड़ना ठीक है, लेकिन किसी के परिवार को गाली देना, दिवंगत परिजनों पर अपशब्द कहना कतई स्वीकार्य नहीं है. यह कांग्रेस की विकृत मानसिकता को दर्शाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव करते हुए विधायक गुप्ता ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30-40 वर्ष पूर्व ही परिवार और घर छोड़ दिया और अपना पूरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया. जिन्होंने भारत की पौराणिक गरिमा, संस्कृति और पहचान को पूरी दुनिया में पुनः स्थापित करने का काम किया है, ऐसे यशस्वी प्रधानमंत्री के बारे में कुछ कहना सूर्य को दीपक दिखाने जैसा है.”

इसे भी पढ़ें : बृजभूषण शरण सिंह का राहुल गांधी पर हमला, बोले- 100वां चुनाव भी हार जाएंगे

वेद प्रकाश ने कहा कि भाजपा इस अमर्यादित बयान की कड़े शब्दों में निंदा करती है और मांग करती है कि मल्लिकार्जुन खरगे अपने इस कृत्य के लिए देश की जनता से क्षमा मांगें.कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधते हुए वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस का जनाधार पूरी तरह खत्म हो चुका है. उन्होंने कहा “2027 के चुनाव में न पंजाब में कांग्रेस का पता है और न उत्तर प्रदेश में. यूपी में उनका केवल एक विधायक है, मुझे लगता नहीं कि आने वाले समय में वह भी रह पाएगा. कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो चुका है. विधायक ने दावा किया कि राहुल गांधी गांधी परिवार के आखिरी नेता होंगे, उसके बाद कांग्रेस पूरी तरह दफन हो जाएगी. उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस के झूठ और नकारात्मक राजनीति को समझ चुकी है और बार-बार नकार रही है.