अयोध्या. रौनाही के जुबेर गंज बाजार के पास सड़क हादसा हो गया है. इस हादसे में यात्रियों से भरी बस ट्रेलर से टकरा गई. बस हाईवे के किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई जिससे बस सवार 2 यात्रियों की मौत हो गई. वहीं 9 यात्री घायल हैं. वहीं मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने हादसे में हुई मृत्यु पर दुख व्यक्त किया. साथ ही राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
जानकारी के मुताबिक राप्तीनगर डिपो की रोडवेज बस लखनऊ से गोरखपुर की ओर जा रही थी. इसी बीच जुबेरगंज बाजार के पास बस अचानक हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई. जिसके बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं कई यात्री इस हादसे में घायल भी हुए हैं. दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला.
इसे भी पढ़ें : 25 केवी ट्रांसफॉर्मर पर 80 उपभोक्ताओं का लोड, 15 दिन से आपूर्ति प्रभावित, नई व्यवस्था देने की मांग तेज
मृतकों की पहचान कुशीनगर के परेवाटार निवासी 54 वर्षीय साबिर और लखनऊ के गोमती नगर निवासी 43 वर्षीय सुरेश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है. मामले की शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और हाईवे किनारे खड़ा ट्रेलर माना जा रहा है. वहीं पुलिस के मुताबिक मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

