अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के नियामताबाद ब्लॉक स्थित घूरो गांव में पिछले करीब 15 दिनों से बिजली संकट गहराता जा रहा है. गांव में लगा 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगातार जल जाने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मंगलवार को देर रात्रि रात करीब 10 बजे ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया.

ग्रामीणों के अनुसार गांव के लगभग 70 से अधिक उपभोक्ता इसी एक ट्रांसफॉर्मर से जुड़े हुए हैं, जिससे उसकी क्षमता से अधिक लोड पड़ रहा है. हालात ऐसे बन गए हैं कि नया ट्रांसफॉर्मर लगाने के कुछ ही समय बाद वह फिर फुंक जा रहा है और बिजली आपूर्ति बाधित हो जा रही है. 45 डिग्री तापमान में बिना बिजली के लोग बेहाल हैं.

इसे भी पढ़ें : UP Police Constable Written Exam Date 2026 : कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तिथि जारी, यहां पाएं पूरी जानकारी

10 दिन का वादा, 10 महीने बीते

स्थानीय निवासी पप्पू कुमार बिंद ने बताया कि पिछले वर्ष भी गांव में यही समस्या सामने आई थी. उस समय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से 25 केवी ट्रांसफॉर्मर को हटाकर 63 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगाने का आश्वासन दिया गया था. उनका कहना है कि 10 दिन में समाधान की बात कही गई थी, लेकिन 10 महीने बीत जाने के बाद भी कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई. गर्मी बढ़ने और तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने के साथ ही ट्रांसफॉर्मर एक बार फिर जल गया.

“बिल समय पर, बिजली गायब”

ग्रामीण धनावती देवी ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से गांव में यही स्थिति बनी हुई है. बिजली आती है और तुरंत चली जाती है. उन्होंने कहा कि बिजली न होने से भीषण गर्मी में लोगों की तबीयत खराब हो रही है और बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि समय पर बिल जमा करने के बावजूद ग्रामीणों को नियमित बिजली क्यों नहीं मिल रही. इन्वर्टर भी जवाब दे गए हैं.

इसे भी पढ़ें : श्री बांके बिहारी मंदिर : प्रबंधन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गोस्वामियों के सुझाव पर विचार करने का दिया आदेश

भाजपा नेता ने लिया संज्ञान

मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता राणा सिंह गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने स्वीकार किया कि गांव में लगा 25 केवी ट्रांसफॉर्मर क्षमता से अधिक भार झेल रहा है. उनके अनुसार इस ट्रांसफॉर्मर पर करीब 75 से 80 उपभोक्ताओं का लोड है, जो इसकी क्षमता से कहीं ज्यादा है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता से बातचीत की गई है. फिलहाल गांव में अस्थायी राहत के तौर पर नया 25 केवी ट्रांसफॉर्मर लगाया जा रहा है, ताकि बिजली आपूर्ति जल्द बहाल हो सके.

ग्रामीणों की मांग है कि समस्या का स्थायी समाधान करते हुए जल्द से जल्द गांव में 63 केवी क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगाया जाए, ताकि हर साल गर्मियों में होने वाली इस परेशानी से राहत मिल सके. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे.