सतीश सिंह, लखनऊ. कार्तिक माह के दौरान अयोध्या के पंचकोसी मार्ग पर श्रद्धालुओ की हर साल बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने फोर लेन की सड़क बनाने का निर्णय लिया है. इस बाबत कैबिनेट ने अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग (अन्य जिला मार्ग) के चैनेज 0.00 से 10.775 के मध्य 9.025 किलोमीटर लंबाई के मार्ग के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.

अयोध्या धाम में प्रतिवर्ष कार्तिक माह के दौरान विश्व प्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा का आयोजन होता है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. वर्ष 2024 में भगवान श्रीराम मंदिर का निर्माण पूर्ण होने के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. इस वर्ष लगभग 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंचकोसी परिक्रमा में भाग लिया है.

इसे भी पढ़ें : UP और MP मिलकर खरीदेंगे 2000 मेगावाट पीक पावर, 10000 करोड़ के निवेश की संभावना

ऐसे में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए परिक्रमा मार्ग के कैरिजवे की अधिकतम चौड़ाई लगभग 7 मीटर है, जो बढ़ते यातायात एवं श्रद्धालुओं की संख्या के दृष्टिगत पर्याप्त नहीं है. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण का निर्णय लिया है.

46,645.62 लाख रुपये की आएगी लागत

कैबिनेट द्वारा स्वीकृत प्रस्ताव के तहत संबंधित मार्ग के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण पर पुनरीक्षित लागत 46,645.62 लाख रुपये निर्धारित की गई है. इस परियोजना के पूर्ण होने से पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी तथा परिक्रमा के दौरान भीड़-भाड़ के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी.